उत्तराखंड

नाबालिगा से दुष्कर्म और ब्लैकमेल के आरोपी ने किया सरेंडर

फोटो वीडियो वायरल करने की धमकी देकर नाबालिगा से ले चुका था एक लाख रूपए

कलयुग दर्शन (24×7)

संदीप कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। नाबालिगा से दोस्ती कर दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोपी ने पुलिस कार्रवाई और दबिश से घबराकर कोतवाली पहुंचकर सरेंडर कर दिया। आरोपी नाबालिगा को ब्लैकमेल कर एक लाख रूपए ले चुका था और लगातार पैसों की डिमांड कर रहा था। पुलिस में मामला दर्ज होने के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था। मामला कनखल कोतवाली क्षेत्र का है। कनखल क्षेत्र निवासी महिला ने 3 सितम्बर को पुलिस को तहरीर देकर गौरव कुमार पुत्र धनपाल निवासी बफरी बुजुर्ग थाना शाही बरेली उ.प्र. हाल निवासी सगरावाला जगजीतपुर थाना कनखल को नामजद करते हुए नाबालिग पुत्री से दोस्ती कर दुष्कर्म करने और फोटो वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए मुकद्मा दर्ज कराया था।

तहरीर में महिला ने पुलिस को बताया कि डर के कारण नाबालिग बेटी आरोपी को 1 लाख रुपये दे चुकी थी। इसके बावजूद आरोपी द्वारा लगातार और रुपयों की मांग की जा रही है। पॉक्सो व अन्य संबंधित धाराओं में मुकद्मा दर्ज कर एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी द्वारा पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच पड़ताल में जुटी पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी। लेकिन आरोपी फरार हो गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली, नोएडा, अलीगढ़, बरेली, हरिद्वार सहित विभिन्न स्थानों पर लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा। पुलिस की लगातार दबिश से घबराए आरोपी ने रविवार को कोतवाली पहुंचकर सरेंडर कर दिया। पुलिस टीम में एसआई देवेन्द्र पाल, एसआई सीमा आर्य, कास्टेबल रणजीत सिंह व सुष्मिता रावत शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button