तमंचे के बल पर बाइक, मोबाइल और पर्स लूटने वाले दो गिरफ्तार
सिडकुल पुलिस ने किया लूटकांड का खुलासा, दो साथी फरार

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में तमंचे के बल पर बाइक, मोबाइल फोन और पर्स लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बताई जा रही स्विफ्ट कार, आरसी, आधार कार्ड, पर्स और एक हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल दो अन्य आरोपित फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर को अन्नेकी हेतमपुर, रोशनाबाद निवासी पंकज कुमार ने सिडकुल थाने में तहरीर देकर बताया था कि रानी रो नदी के पास दोपहर के समय चार अज्ञात युवकों ने तमंचे के बल पर उसकी पल्सर बाइक और मोबाइल फोन लूट लिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। घटना के खुलासे के लिए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और पूछताछ के आधार पर पुलिस संदिग्धों तक पहुंची। इसके बाद नवोदय स्कूल के सामने लगने वाले पीठ मैदान के पास से दीपक और आकाश उर्फ पहाड़ी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि 23 सितंबर को देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में एक महिला के अपहरण के प्रयास के मामले में गिरफ्तारी के डर से वे कार से हरिद्वार आए थे। अगले दिन चार युवक पेंटागन मॉल के पीछे नदी के पास पहुंचे। पुलिस के अनुसार, शराब पीने के बाद पैसों की कमी होने पर उन्होंने कच्चे रास्ते से गुजर रहे बाइक सवार को तमंचा दिखाकर रोक लिया और उसकी पल्सर बाइक, मोबाइल फोन व पर्स लूट लिया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उनके दो साथी बाइक और मोबाइल बेचने के लिए गए थे, जो अभी वापस नहीं लौटे हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तार आरोपित: दीपक पुत्र दिलीप कुमार, निवासी खागा, फतेहपुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी विष्णु लोक कॉलोनी, रानीपुर, हरिद्वार और आकाश उर्फ पहाड़ी पुत्र अनिल, निवासी पौड़ी गढ़वाल, हाल निवासी विष्णु लोक कॉलोनी, रानीपुर, हरिद्वार।



