मूत्रालय के इस्तेमाल पर भी वसूला शुल्क, पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने उठाए सवाल
शिवमूर्ति स्थित सार्वजनिक शौचालय में 10 रुपये लेने का वीडियो वायरल

कलयुग दर्शन (24×7)
पारस कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। नगर निगम के सार्वजनिक शौचालयों में निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली के आरोपों के बीच अब मूत्रालय के इस्तेमाल पर भी शुल्क लेने का मामला सामने आया है। शिवमूर्ति स्थित एक सार्वजनिक शौचालय में मूत्रालय का उपयोग करने पर कर्मचारियों द्वारा 10 रुपये लिए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। व्यवस्थाओं को लेकर लगातार सवाल उठा रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व सभासद अशोक शर्मा और पार्षद सुनील कुमार यात्री बनकर शिवमूर्ति स्थित सार्वजनिक शौचालय पहुंचे। आरोप है कि मूत्रालय का उपयोग करने के बाद वहां मौजूद कर्मचारियों ने उनसे 10 रुपये शुल्क लिया। पार्षद सुनील कुमार ने पूरे मामले का वीडियो बना लिया, जिसमें कर्मचारी उनसे बहस करते दिखाई दे रहे हैं। अशोक शर्मा ने कहा कि खुले में शौच की रोकथाम के लिए शहर में सार्वजनिक शौचालय बनाए गए हैं।

इनके उपयोग के लिए नगर निगम द्वारा यूजर चार्ज निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि मूत्रालय के उपयोग पर शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए और शुल्क देने में असमर्थ लोगों के लिए निःशुल्क व्यवस्था भी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सभी सार्वजनिक शौचालयों पर निर्धारित शुल्क की स्पष्ट जानकारी वाले बोर्ड लगाए जाने चाहिए, ताकि बाहर से आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला नजदीक है, लेकिन सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्थाएं अभी तक पूरी तरह दुरुस्त नहीं हुई हैं।



