उत्तराखंड

8 से 10 अक्टूबर तक बूथों पर विशेष कैंप, होगा मतदाता सूची का गहन सत्यापन

12 से 20 अक्टूबर तक बीएलओ और बीएलए-2 घर-घर करेंगे वैध मतदाताओं का सत्यापन

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदाता सूची के पुनः सत्यापन और नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने को लेकर बुधवार को एनआईसी सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। जिलाधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपील की। जिलाधिकारी ने बताया कि 8 से 10 अक्टूबर तक प्रत्येक बूथ पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची का गहन निरीक्षण किया जाएगा। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी अपने स्तर से मतदाता सूची का परीक्षण कर पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा अपात्र या अनावश्यक रूप से दर्ज नामों के संबंध में निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि 12 से 20 अक्टूबर तक बीएलओ एवं राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए-2 के माध्यम से घर-घर जाकर वैध मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा।

इस दौरान मतदाता सूची में नए जोड़े गए नामों का भी सत्यापन होगा। किसी पात्र मतदाता का नाम छूटा होने पर फॉर्म-6 के माध्यम से नाम दर्ज कराया जा सकेगा। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने बीएलए के माध्यम से बूथ स्तर पर सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं विश्वसनीय बनाया जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, आम आदमी पार्टी के प्रवीण कुमार सिंह, मोहन गुप्ता, सीपीआईएम के राजीव गर्ग, सहायक निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button