आवासीय क्षेत्रों में दुकानों पर कार्रवाई के आदेश से व्यापारियों में चिंता
मुख्यमंत्री से मिले व्यापारी, समाधान का मिला आश्वासन

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। सुप्रीम कोर्ट के आवासीय क्षेत्रों में संचालित दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई के आदेश को लेकर व्यापारियों में चिंता बनी हुई है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर शिवालिक नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष विभास सिन्हा एवं रानीपुर विधायक आदेश चौहान के नेतृत्व में व्यापारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। व्यापार मंडल अध्यक्ष विभास सिन्हा ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद आवासीय क्षेत्रों में संचालित दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर व्यापारी भयभीत हैं। उन्होंने व्यापारियों की समस्या का उचित समाधान कराने की मांग की।

विभास सिन्हा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने व्यापारियों की बात गंभीरता से सुनते हुए जल्द उचित समाधान निकालने का प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शिवालिक नगर के व्यापारी एकजुट हैं और अपने अधिकारों एवं रोजी-रोटी की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाते रहेंगे।



