उद्योगों के लिए सरकार सहयोगी की भूमिका में: धामी
29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित, 1.27 लाख युवाओं को मिला रोजगार

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार उद्योगों के लिए केवल नियामक नहीं, बल्कि सहयोगी और सहभागी की भूमिका में काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में उद्योगों के लिए सुरक्षित, पारदर्शी और सरल व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि उद्योग अनुकूल नीतियों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे करीब 1.27 लाख युवाओं को रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री गुरुवार को हरिद्वार में आयोजित 7वें सीआईआई उत्तराखंड इंडस्ट्रियल समिट एंड एक्सपो-2026 में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हरिद्वार आध्यात्मिक नगरी के साथ औद्योगिक विकास का भी प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। ऐसे आयोजन उद्योग, निवेश, व्यापार और नवाचार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को विकसित, आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार से प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों के लिए बेहतर माहौल तैयार हुआ है।

26 विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन
मुख्यमंत्री ने बताया कि निवेशकों और उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ‘निवेश मित्र’ व्यवस्था लागू की गई है। सिंगल विंडो सिस्टम के तहत 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है।
खुरपिया में विकसित होगा मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर
धामी ने कहा कि ऊधमसिंह नगर के खुरपिया में करीब 1,002 एकड़ क्षेत्र में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किया जा रहा है। इससे निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। वहीं हरिद्वार में फ्लैटेड फैक्ट्री विकसित की जा रही है। भविष्य में सेलाकुई और पंतनगर में भी ऐसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है। मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और पारंपरिक उद्यमों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि फार्मा, हर्बल, आयुष, इंजीनियरिंग और ऑटो-कंपोनेंट जैसे क्षेत्रों में उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि उद्योग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। हरिद्वार का यह इंडस्ट्री कार्यक्रम उत्तराखंड के औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने औद्योगिक इकाइयों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम में रानीपुर विधायक आदेश चौहान, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, शिवालिकनगर नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, सीआईआई पदाधिकारी तथा उद्योग एवं व्यापार जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।




