रुड़की सीट से चुनावी मैदान में उतरने को तैयार दीपक शर्मा
जन निर्माण पार्टी की सदस्यता ली, पत्रकारों के साथ किया पैदल रोड शो

कलयुग दर्शन (24×7)
आशु (संवाददाता)
रुड़की। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर वरिष्ठ पत्रकार दीपक शर्मा ने रुड़की विधानसभा सीट से अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत कर दी है। करीब दो दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय दीपक शर्मा ने प्रेस क्लब भवन में पत्रकारों के साथ बैठक की। इसके बाद पत्रकारों के साथ पैदल रोड शो करते हुए जन निर्माण पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा के कैंप कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा ने दीपक शर्मा का स्वागत करते हुए विधानसभा चुनाव में टिकट दिए जाने को लेकर सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि दीपक शर्मा लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और रुड़की शहर की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं। पार्टी ऐसे युवाओं को आगे बढ़ाने का काम करेगी, जो क्षेत्र की समस्याओं को समझते हैं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना चाहते हैं। प्रेस क्लब भवन में आयोजित बैठक में पत्रकारों ने दीपक शर्मा को समर्थन देते हुए चुनाव में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। पत्रकारों से विचार-विमर्श के बाद दीपक शर्मा पैदल रोड शो के रूप में पार्टी कार्यालय पहुंचे।

दीपक शर्मा ने कहा कि पत्रकार साथियों के सुझाव और आग्रह पर उन्होंने चुनाव मैदान में उतरने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि वर्षों से जनप्रतिनिधियों ने जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय केवल आश्वासन देने का काम किया है। रुड़की शहर में विकास से जुड़े कई मुद्दे आज भी जस के तस हैं। जनता अब खोखले वादों से प्रभावित होने वाली नहीं है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें सर्वसमाज का समर्थन मिल रहा है और वह 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूती के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर की मूलभूत समस्याओं को लेकर जनता के बीच जाकर संवाद किया जाएगा और चुनाव की तैयारियां व्यापक स्तर पर शुरू कर दी गई हैं। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार एनए पुंडीर, अनिल पुंडीर, बिजेंद्र सिंह, महेश मिश्रा, महेश्वर सिंह, रियाज कुरैशी, सुभाष सक्सेना, अनिल सैनी, जुबैर काजमी, सनत शर्मा, परवेज आलम, मनोज जुयाल, सुनील पटेल, अश्वनी उपाध्याय, योगराज पाल, अमर मौर्य, मोहम्मद नाजिम, मनीष ग्रोवर, दीपक अरोड़ा, विनीत त्यागी, मुकेश पांडेय, सलमान मलिक, अमजद भारती, अंकित सोंधी, रजनीश सहगल, सीमा कश्यप और राहुल सक्सेना सहित अनेक पत्रकार मौजूद रहे।



