दहेज की मांग को लेकर विवाहिता का गला दबाकर हत्या का प्रयास
कार, दो लाख रुपये नकद और सोने के आभूषण मांगने का आरोप, लक्सर कोतवाली में मुकदमा दर्ज

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। प्रेम विवाह के बाद दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया है। अकबरपुर ऊद निवासी विवाहिता गुंजन ने पति निखिल, सास आरती और ससुर लेखराज पर कार, दो लाख रुपये नकद तथा सोने के आभूषण की मांग करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर लक्सर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुंजन ने एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि करीब दो वर्ष से उसका अकोड़ा औरंगजेबपुर निवासी निखिल से प्रेम प्रसंग था। आरोप है कि निखिल शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। बाद में परिजनों और क्षेत्र के मौजिज लोगों की मौजूदगी में 30 जुलाई को मंदिर में दोनों का विवाह कराया गया। विवाह का पंजीकरण भी कराया गया।
शादी के बाद शुरू हुई दहेज की मांग
पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद पति, सास और ससुर उस पर मायके से कार, दो लाख रुपये नकद, सोने की अंगूठी और चेन लाने का दबाव बनाने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी।

गर्भपात कराने का भी आरोप
गुंजन ने विवाह के दौरान गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया है। उसके अनुसार 31 जुलाई को पति और ससुराल वाले उसे लक्सर-मेरठ मार्ग स्थित एक अस्पताल ले गए, जहां कथित रूप से उसे गर्भपात की दवा दी गई।
गला दबाकर जान से मारने की कोशिश
पीड़िता के मुताबिक 22 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे पति, सास और ससुर ने उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। इसके बाद उसे मायके के पास छोड़कर चले गए। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने कार, दो लाख रुपये और सोने के आभूषण मिलने के बाद ही उसे वापस घर में रखने की बात कही।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि पीड़िता की ओर से एसएसपी को दी गई शिकायत के आधार पर लक्सर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




