आंधी-ओलावृष्टि से नुकसान का आकलन कर प्रभावितों को राहत देने के निर्देश
क्षतिग्रस्त सड़कों को तत्काल दुरुस्त करने और किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने के निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। जनपद में शुक्रवार सुबह अचानक मौसम बदलने से कई क्षेत्रों में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि के कारण हुए नुकसान को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करने और पीड़ितों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने को कहा। जिलाधिकारी ने बताया कि आंधी-तूफान के कारण किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, कई स्थानों पर पेड़ गिरने से भवनों और सड़क मार्गों पर भी असर पड़ा है, जिससे कुछ क्षेत्रों में आवागमन बाधित हुआ है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क मार्गों पर गिरे पेड़ों को प्राथमिकता के आधार पर हटाकर यातायात सुचारू कराया जाए।

क्षतिग्रस्त भवनों और अन्य प्रभावित स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा एवं बचाव कार्य भी सुनिश्चित किए जाएं। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों और कृषि विभाग के अधिकारियों को ओलावृष्टि एवं तेज आंधी से फसलों को हुए नुकसान का सर्वेक्षण कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा और राहत दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। नुकसान के आकलन में लापरवाही न बरती जाए और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।



