उत्तराखंड

जिला योजना समिति के चुनाव का कार्यक्रम घोषित, 16 अक्टूबर को मतदान

10 से 12 अक्टूबर तक होंगे नामांकन, 13 को जांच और मतदान के बाद होगी मतगणना

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया 10 अक्टूबर से शुरू होगी। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने निर्वाचन कार्यक्रम निर्धारित करते हुए बताया कि जनपद में नगर निकायों के निर्वाचित सभासदों एवं सदस्यों में से कुल 13 सदस्यों का चुनाव पांच प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के माध्यम से कराया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन पत्र 10 से 12 अक्टूबर तक प्राप्त किए जा सकेंगे। 12 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक नामांकन पत्र प्राप्त होंगे तथा शाम 4 बजे तक उन्हें जिलाधिकारी कार्यालय, कलेक्ट्रेट रोशनाबाद में जमा करना होगा। नामांकन पत्रों की जांच 13 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से होगी। उम्मीदवार 14 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान की आवश्यकता होने पर 16 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद उसी दिन दोपहर 3 बजे से मतगणना शुरू होगी। मतदान एवं मतगणना की व्यवस्था कलेक्ट्रेट रोशनाबाद स्थित निर्धारित कक्षों में की जाएगी।

इन पांच निर्वाचन क्षेत्रों में होगा चुनाव
नगर निगम हरिद्वार एवं नगर पालिका परिषद शिवालिकनगर के क्षेत्र से पांच सदस्य चुने जाएंगे। नगर निगम रुड़की, नगर पालिका परिषद पाडली गुज्जर तथा नगर पंचायत रामपुर और ढंडेरा के क्षेत्र से पांच सदस्य निर्वाचित होंगे। नगर पंचायत मंगलौर एवं झबरेड़ा के क्षेत्र से एक, नगर पंचायत लक्सर, सुल्तानपुर आदमपुर एवं लव्वा/लव्वारा के क्षेत्र से एक तथा नगर पंचायत पिरान कलियर, भगवानपुर एवं इमलीखेड़ा के क्षेत्र से एक सदस्य चुना जाएगा। इस प्रकार कुल 13 सदस्यों का निर्वाचन होगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी संबंधित नगर निकायों को निर्वाचन कार्यक्रम की सूचना नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित करने और निर्वाचित सभासदों एवं सदस्यों तक जानकारी पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं। निर्वाचन के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा गया है।

Related Articles

Back to top button