स्वर्ण जीत का इनाम: सिपाही से सीधे बने उपनिरीक्षक, एसएसपी ने कंधों पर सजाए सितारे

कलयुग दर्शन (24×7)
अबलीश कुमार (सहारनपुर संवाददाता)
सहारनपुर। राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतकर उत्तर प्रदेश पुलिस और जनपद का नाम रोशन करने वाले दो खिलाड़ियों को विशेष सम्मान मिला। सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने एक गरिमामय कार्यक्रम में दोनों खिलाड़ियों को आरक्षी से उपनिरीक्षक पद पर आउट ऑफ टर्न प्रोन्नति प्रदान करते हुए उनके कंधों पर उपनिरीक्षक के प्रतीक चिन्ह लगाए। यह सम्मान उन खिलाड़ियों को दिया गया, जिन्होंने खेल के मैदान में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विभाग का गौरव बढ़ाया। कार्यक्रम में एसएसपी ने कहा कि इन खिलाड़ियों ने अपने असाधारण खेल कौशल, अनुशासन और समर्पण से न केवल उत्तर प्रदेश पुलिस बल्कि सहारनपुर जनपद को भी राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ये खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर देश और विभाग का नाम रोशन करेंगे।

इन खिलाड़ियों को मिली प्रोन्नति- मानवेन्द्र चौधरी, तैनाती पुलिस लाइन सहारनपुर, ने वर्ष 2024 में आयोजित 67वीं राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता की 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर यह उपलब्धि हासिल की। वहीं मनीषा पाल, तैनाती पुलिस लाइन सहारनपुर, ने वर्ष 2023 में आयोजित 66वीं राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता की 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर उत्तर प्रदेश पुलिस का गौरव बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने दोनों नवप्रोन्नत उपनिरीक्षकों को बधाई देते हुए कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ सेवाएं देने तथा खेलों में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने भी दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर उन्हें शुभकामनाएं दीं।



