उत्तर प्रदेश

23 मार्च शहीदी दिवस पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित, 90 यूनिट रक्त संग्रह

फ़ैमिली ऑफ़ ब्लड डोनर्स ट्रस्ट द्वारा शहीद-ए-आजम भगतसिंह, सुखदेव व राजगुरु के सम्मान में रक्तदान शिविर

कलयुग दर्शन (24×7)

अबलीश कुमार (सहारनपुर संवाददाता)

सहारनपुर। अमर शहीद सुखदेव, भगत सिंह और राजगुरु के शहीदी दिवस के अवसर पर फ़ैमिली ऑफ़ ब्लड डोनर्स ट्रस्ट द्वारा नकुड़ में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य देश के वीर सपूतों के बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करना और समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर आयोजित शिविर में क्षेत्र के युवाओं एवं समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिसमें 90 यूनिट रक्तदान किया गया। साथ ही, 20 से अधिक इच्छुक रक्तदाता स्वास्थ्य संबंधी मानकों के कारण रक्तदान नहीं कर सके, जिन्हें भविष्य में रक्तदान हेतु प्रेरित किया गया। शिविर में जिला चिकित्सालय सहारनपुर रक्तकोष टीम ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई और सभी चिकित्सकीय व्यवस्थाएँ सुनिश्चित कीं।

इस शिविर का सफल संयोजन अश्वनी कुमार मित्तल (वरिष्ठ संरक्षक, मुख्य निकाय) के नेतृत्व में किया गया, जिनके मार्गदर्शन में पूरा आयोजन व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। तरुण प्रकाश भोला (संस्थापक सदस्य, मुख्य निकाय) ने कहा कि देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि हम समाज के लिए जीवित रहते हुए सेवा करें। रक्तदान जैसे कार्यों के माध्यम से हम उनके आदर्शों को आगे बढ़ा सकते हैं। पंकज कुमार पाँचाल (अध्यक्ष, संगठन विंग) ने कहा कि फ़ैमिली ऑफ़ ब्लड डोनर्स ट्रस्ट का उद्देश्य हर व्यक्ति को रक्तदान के प्रति जागरूक करना है।

शहीदी दिवस पर आयोजित यह शिविर युवाओं में देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी दोनों को मजबूत करता है। विनीत रामपाल (अध्यक्ष, मेडिकल सपोर्ट विंग) ने कहा कि रक्तदान एक सुरक्षित और जीवनदायी प्रक्रिया है, जिससे हर वर्ष हजारों मरीजों की जान बचाई जा सकती है। ऐसे शिविर स्वास्थ्य सेवा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अभयराज चौधरी (महासचिव, संगठन विंग) ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि समाज में जागरूकता लगातार बढ़ रही है। यदि हर सक्षम व्यक्ति नियमित रूप से रक्तदान करे तो रक्त की कमी जैसी समस्या समाप्त हो सकती है।

विकास पंवार (वरिष्ठ सलाहकार, मुख्य निकाय) ने कहा कि फ़ैमिली ऑफ़ ब्लड डोनर्स ट्रस्ट द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान समाज में सेवा और सहयोग की भावना को सशक्त बना रहा है। रक्तदान न केवल एक व्यक्ति की जान बचाता है बल्कि पूरे परिवार को नई उम्मीद देता है। शिविर के दौरान सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा पूरी प्रक्रिया को चिकित्सा मानकों के अनुसार सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया गया।

Related Articles

Back to top button