नाबालिग से दुष्कर्म व धमकी के मामले में आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश

कलयुग दर्शन (24×7)
हैदर अंसारी (सहारनपुर जिला प्रभारी)
सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनकपुरी थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म व धमकी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को उसके निवास क्षेत्र से पकड़ लिया और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादिया द्वारा थाना जनकपुरी में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया गया था कि नीरज पुत्र श्याम सिंह निवासी ग्राम बहादरपुर थाना देवबंद सहारनपुर तथा अन्य द्वारा उसकी नाबालिग पुत्री के साथ शारीरिक संबंध बनाए गए और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इस शिकायत के आधार पर थाना जनकपुरी में मु0अ0सं0 64/26 के तहत धारा 65(1)/351(3) बीएनएस व 5एल/6 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय के निकट पर्यवेक्षण तथा थाना जनकपुरी प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में प्रकाश में आए अभियुक्त बिट्टू पुत्र टिंकू निवासी चकहरेटी, थाना जनकपुरी को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।



