जलकल अनुभाग नगर निगम एवं महाप्रबंधक जलकल के खिलाफ भड़के वरिष्ठ सपा नेता व पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा

कलयुग दर्शन (24×7)
हैदर अंसारी (सहारनपुर जिला प्रभारी)
सहारनपुर। लगातार बढ़ती गर्मी और भीषण तापमान के बीच शहर के कई वार्डों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। जनता को पानी की भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई क्षेत्रों में या तो पानी की सप्लाई समय पर नहीं हो रही है या फिर बहुत कम प्रेशर के साथ पानी पहुंच रहा है, जिससे आम लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर आज नगर निगम में आयोजित जनसुनवाई के दौरान वरिष्ठ सपा नेता एवं पार्षद अभिषेक “टिंकू” अरोड़ा जलकल विभाग और महाप्रबंधक जलकल पर जमकर भड़के। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले काफी समय से विभिन्न वार्डों के पार्षद लगातार जलकल विभाग को पत्र देकर पानी की समस्या से अवगत करा रहे हैं, लेकिन अधिकारियों द्वारा समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीरता नहीं दिखाई जा रही। टिंकू अरोड़ा ने कहा कि शहर में लगाए गए 6 नए पंप अब तक चालू नहीं किए गए हैं, जबकि गर्मी के मौसम में इन पंपों की सबसे अधिक आवश्यकता है। इसके अलावा पूर्व में लगाए गए पंपों की पाइप लाइनों को भी आपस में ठीक प्रकार से नहीं जोड़ा गया, जिसके कारण पानी का प्रेशर प्रभावित हो रहा है और कई मोहल्लों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा। उन्होंने कहा कि नगर निगम और जलकल विभाग की लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

लोग सुबह-शाम पानी के लिए परेशान हैं, महिलाओं और बच्चों को दूर-दूर से पानी भरना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी दफ्तरों में बैठकर केवल कागजी कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो जनता को साथ लेकर जलकल विभाग के खिलाफ बड़ा आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार और लापरवाही की शिकायत उच्च अधिकारियों एवं शासन स्तर तक पहुंचाई जाएगी। इस मौके पर पार्षद डॉ. एहतेशाम, पार्षद अहमद मलिक, पार्षद नदीम अंसारी, पार्षद नितिन जाटव, पार्षद फराज अंसारी, पार्षद फहाद सलीम एवं पार्षद डॉ. मोहतसीम मौजूद रहे। सभी पार्षदों ने एकजुट होकर कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर संघर्ष लगातार जारी रहेगा और किसी भी अधिकारी की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्षदों ने कहा कि जनता ने उन्हें अपने अधिकारों और सुविधाओं के लिए चुना है, इसलिए वे हर परिस्थिति में जनता की आवाज बनकर मजबूती से खड़े रहेंगे।



