आदर्श टिहरी नगर भाग-1 में निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने जताई चिंता

कलयुग दर्शन (24×7)
हैदर अंसारी (सहारनपुर जिला प्रभारी)
पथरी। कुंभ मेला 2027 के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग द्वारा सहदेवपुर, दिनारपुरा, सुभाषगढ़ होते हुए टिहरी विस्थापित भाग-2, भाग-1 से फेरुपुर तक सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है। उक्त निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं प्रयुक्त सामग्री को लेकर आदर्श टिहरी नगर भाग-1 के ग्रामीणों द्वारा लगातार आपत्ति दर्ज कराई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मानकों के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है। इस संबंध में कई बार ठेकेदार एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया, किंतु अब तक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत आदर्श टिहरी नगर भाग-1 के ग्राम प्रधान श्री मनजीत खारोला ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण में रेत के स्थान पर नदी की पांग (मिट्टीयुक्त सामग्री) का उपयोग किया जा रहा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है तथा भविष्य में सड़क के शीघ्र क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना रहेगा। ग्राम प्रधान श्री खारोला ने संबंधित विभाग से निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने तथा मानकों के अनुरूप सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने सड़क पर आवश्यक स्थानों पर ब्रेकर (गति अवरोधक) बनाए जाने की भी मांग की, जिससे भविष्य में दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो। ग्रामीणों ने भी विभागीय अधिकारियों से शीघ्र संज्ञान लेते हुए गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को लंबे समय तक सुरक्षित एवं टिकाऊ सड़क सुविधा उपलब्ध हो सके। इस दौरान ग्रामीणों में भारत सिंह खारोला, मस्ती सिंह गोसाई, शूरवीर सिंह नत्थी सिंह ओमप्रकाश नौटियाल प्रताप सिंह जबर सिंह के साथ दर्जनों लोग मौजूद रहे।



