अपराध समीक्षा के साथ कांवड़ यात्रा तैयारियों पर एसएसपी ने दिए निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। पुलिस कार्यालय रोशनाबाद स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह की अध्यक्षता में माह जून की अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। सैनिक सम्मेलन के उपरांत आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक में बीते माह के अपराधों की विस्तृत समीक्षा करने के साथ-साथ आगामी कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अपराध गोष्ठी के दौरान एसएसपी नवनीत सिंह ने जून माह में जनपद में घटित विभिन्न अपराधों का श्रेणीवार विश्लेषण किया। उन्होंने थाना प्रभारियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निस्तारण और रिकवरी रेट को लेकर कड़े सवाल पूछे।

जिन थाना प्रभारियों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाया गया, उन्हें कार्यशैली में सुधार लाने तथा अपराधों के त्वरित खुलासे और बरामदगी की दर बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बैठक में एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि जनपद में नशा तस्करी, वाहन चोरी, हुड़दंग, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों तथा अन्य संगठित अपराधों के विरुद्ध अभियान और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। मुख्यालय स्तर से संचालित ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत की जा रही कार्रवाई की भी सराहना की गई और इसे आगे भी पूरी सक्रियता के साथ जारी रखने पर जोर दिया गया। अपराध समीक्षा के बाद बैठक का मुख्य केंद्र आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियां रहीं। एसएसपी नवनीत सिंह ने सभी अधिकारियों से तैयारियों का फीडबैक लिया और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी मांगे। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा हरिद्वार ही नहीं बल्कि पूरे उत्तराखंड पुलिस के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसे सभी विभागों के समन्वय और टीमवर्क से सफल बनाया जाएगा।

इस दौरान कांवड़ मेले के लिए खरीदी गई आवश्यक सामग्री की भी समीक्षा की गई। प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन से टेंट, बैरिकेड, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य संसाधनों की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए एसएसपी ने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। आवश्यकता के अनुसार सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उपकरण एवं सामग्री का समय पर वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि ड्यूटी के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान अन्य जनपदों से मिलने वाली अतिरिक्त पुलिस फोर्स, केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती, उनके आवास, भोजन, परिवहन तथा समन्वय व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी कर ली जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।



