उत्तराखंड

कांवड़ मेले के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार, 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टरों में मजिस्ट्रेट तैनात

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। श्रावण कांवड़ मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टरों में विभाजित करते हुए सुपर जोनल, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती के आदेश जारी कर दिए हैं। जिलाधिकारी ने सभी नामित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने तथा कानून-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, चिकित्सा, पार्किंग, यातायात व्यवस्था और गंगा घाटों पर आवश्यक सुविधाएं हर समय उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा है।

हर की पैड़ी, अपर रोड, मनसा देवी, खड़खड़ी, सप्तऋषि, राष्ट्रीय राजमार्ग, रुड़की, लक्सर, बीएचईएल, बैरागी कैंप और गंगापार सहित पूरे मेला क्षेत्र के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा सभी 40 जोन और 141 सेक्टरों में भी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि श्रावण कांवड़ मेला प्रदेश की आस्था का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है। ऐसे में सभी अधिकारी टीम भावना, संवेदनशीलता और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि देशभर से आने वाले करोड़ों शिवभक्तों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Related Articles

Back to top button