कांवड़ मेले के दौरान 30 जुलाई से 11 अगस्त तक हरिद्वार के सभी स्कूल-कॉलेज रहेंगे बंद
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित का आदेश, ऑनलाइन कक्षाएं जारी रखने के निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। श्रावण कांवड़ मेला-2026 के दौरान बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों, तकनीकी संस्थानों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक अवकाश घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार कांवड़ मेले के दौरान प्रमुख मार्गों पर भारी संख्या में कांवड़ यात्रियों के आवागमन के कारण व्यापक यातायात डायवर्जन और कई मार्गों पर प्रतिबंध लागू रहेगा। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा तथा उनके आवागमन में होने वाली संभावित कठिनाइयों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

हालांकि, विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सभी शिक्षण संस्थानों को अवकाश अवधि के दौरान नियमित रूप से ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों, विद्यालय प्रबंध समितियों और प्रधानाचार्यों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि श्रावण कांवड़ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था, जनसुरक्षा और विद्यार्थियों के हितों का प्रभावी संरक्षण किया जा सके।



