उत्तराखंड

भगवान शिव की आराधना का महापर्व है सावन: स्वामी गर्व गिरी

कलयुग दर्शन (24×7)

राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)

हरिद्वार। जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर एवं बाबा वीरभद्र सेवाश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी गर्व गिरी महाराज ने कहा कि देवों के देव महादेव भगवान शिव संसार के सर्वशक्तिमान देव हैं। सावन भगवान शिव की आराधना का महापर्व है। श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए स्वामी गर्व गिरी महाराज ने कहा कि भगवान भोले शंकर भक्तों का हमेशा कल्याण करते हैं। सावन में भगवान शिव की आराधना से मनवांछित फल की प्राप्ति होती है। जन-जन के आराध्य भगवान शिव भक्तों द्वारा किए जाने वाले जलाभिषेक से ही प्रसन्न होकर सभी मनोकामनाएं पूरी कर देते हैं।

शिव कृपा से सभी ग्रह बाधाएं और समस्याएं दूर हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि सावन में भगवान शिव का रूद्राभिषेक करना सबसे अधिक फलदायी है। सभी को प्रतिदिन भगवान शिव का जलाभिषेक अवश्य करना चाहिए। रूद्राभिषेक करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं। जलाभिषेक एवं रूद्राभिषेक करते हुए भगवान शिव के साथ माता पार्वती का भी ध्यान अवश्य करें। ऐसा करने से श्रद्धालु भक्त को भगवान शिव के साथ माता शक्ति की कृपा भी प्राप्त होती है और शिव शक्ति की सम्मिलित कृपा से सभी बिगड़े काम बन जाते हैं। सभी कष्ट दूर हो जाते हैं और परिवार में सुख समृद्धि का वास होता है।

Related Articles

Back to top button