उत्तराखंड

सावन के प्रथम सोमवार पर दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे डीएम मयूर दीक्षित, व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

परिवार सहित किया भगवान शिव का जलाभिषेक

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। सावन के प्रथम सोमवार पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर कांवड़ मेला-2026 एवं श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं के सुचारु एवं पंक्तिबद्ध दर्शन सुनिश्चित कराने के लिए सेक्टर अधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सावन के प्रथम सोमवार के अवसर पर बड़ी संख्या में शिवभक्त मंदिर पहुंच रहे हैं।

ऐसे में सभी अधिकारी पूर्ण सतर्कता, समन्वय और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने बैरिकेडिंग, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अपने परिवार सहित दक्षेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान शिव से जनपद की सुख-समृद्धि, प्रदेशवासियों के कल्याण तथा कांवड़ मेला-2026 के सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण संपन्न होने की प्रार्थना की।

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में मौजूद शिवभक्तों का फल एवं पेयजल वितरित कर स्वागत किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को सावन की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित यात्रा करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, सेक्टर अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button