सावन के प्रथम सोमवार पर स्वयंभू महाकालेश्वर महादेव का हुआ भव्य अभिषेक

कलयुग दर्शन (24×7)
अमित वालिया (संवाददाता)
नई दिल्ली। सावन माह के प्रथम सोमवार, वर्ष 2026 के पावन अवसर पर कालिका पीठाधीश्वर महंत सुरेन्द्रनाथ अवधूत जी महाराज ने स्वयंभू महाकालेश्वर महादेव का विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार एवं श्रद्धा के साथ जलाभिषेक और पूजन-अर्चन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भगवान शिव के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। महंत सुरेन्द्रनाथ अवधूत जी महाराज ने कहा कि भगवान भोलेनाथ अत्यंत भोले और कृपालु हैं। वे केवल सच्चे भाव और श्रद्धा से ही प्रसन्न हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि किसी बड़े वैभव की आवश्यकता नहीं, यदि श्रद्धालु श्रद्धा और विश्वास के साथ भगवान शिव का स्मरण करते हुए “ॐ नमः शिवाय” मंत्र का जाप करें तथा शिवलिंग पर श्रद्धापूर्वक जल अर्पित करें, तो भगवान शिव अपने भक्तों की मनोकामनाएँ अवश्य पूर्ण करते हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से सावन माह में अधिक से अधिक शिव आराधना, मंत्र जाप, जलाभिषेक एवं धर्ममय जीवन अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त करने का सर्वोत्तम समय माना जाता है। इस दौरान की गई भक्ति, सेवा और पूजा से जीवन में सुख, शांति, समृद्धि तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।


