उत्तर प्रदेश

सपा कार्यालय में मनाई गई ‘छोटे लोहिया’ जनेश्वर मिश्र की 94वीं जयंती

कलयुग दर्शन (24×7)

हैदर अंसारी (सहारनपुर जिला प्रभारी)

सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के अंबाला रोड स्थित जिला कार्यालय पर बुधवार को समाजवादी विचारक एवं ‘छोटे लोहिया’ के नाम से विख्यात स्वर्गीय पंडित जनेश्वर मिश्र की 94वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों और समाजवादी विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। जिलाध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद ने कहा कि पंडित जनेश्वर मिश्र ने अपना पूरा जीवन गरीबों, पिछड़ों, दलितों और वंचित वर्ग के अधिकारों की लड़ाई लड़ने में समर्पित किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के साथ कदम से कदम मिलाकर उन्होंने संगठन को मजबूत किया तथा डॉ. राममनोहर लोहिया के समाजवादी सिद्धांतों को जीवनभर आत्मसात किया। उन्होंने कभी भी अपने सिद्धांतों और आदर्शों से समझौता नहीं किया।

प्रदेश के विशेष आमंत्रित सदस्य रतन यादव तथा लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव मुस्तकीम राणा ने कहा कि आज के समय में जनेश्वर मिश्र के आदर्शों और सिद्धांतों को अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने जाति और धर्म से ऊपर उठकर समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यालय प्रभारी एवं प्रवक्ता फैसल सलमानी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार पार्टी कार्यकर्ता वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए हैं, ताकि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाई जा सके। इस अवसर पर काशिफ अल्वी, अमित जाटव, हसीन कुरैशी, सनी कुमार, शाहिद मसूरी, आफताब, वेदपाल पटनी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button