मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिला सहारनपुर व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल

कलयुग दर्शन (24×7)
अबलीश कुमार (सहारनपुर संवाददाता)
सहारनपुर। सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल (रजि.) सहारनपुर के पदाधिकारियों, व्यापारियों एवं उद्यमियों के प्रतिनिधिमंडल ने महानगर अध्यक्ष मुकुंद मनोहर गोयल के नेतृत्व में तथा सहारनपुर विधायक राजीव गुंबर के सहयोग से मंगलवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात कर प्रदेश स्तर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं विकास संबंधी मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि सहारनपुर की अधिकांश स्थानीय समस्याओं का समाधान जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली व्यापार बंधु बैठकों के माध्यम से हो जाता है। साथ ही वर्तमान में चल रही कांवड़ यात्रा के सफल संचालन के लिए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, प्रशासनिक अधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की गई। महानगर अध्यक्ष मुकुंद मनोहर गोयल एवं महानगर महामंत्री इंजी. अजय शर्मा ने मुख्यमंत्री के समक्ष प्रदेश स्तर से जुड़ी प्रमुख मांगें रखते हुए सरसावा नागरिक हवाई अड्डे से शीघ्र हवाई सेवा शुरू कराने, दिल्ली रोड पर प्रस्तावित बस अड्डे का निर्माण जल्द पूरा कराने, मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य शीघ्र समाप्त कराने तथा स्मार्ट सिटी की लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की मांग की।

इसके अलावा उद्योगों की भूमि फ्रीहोल्ड करने, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के निकट प्रस्तावित नए औद्योगिक क्षेत्र में होजरी उद्योगों के लिए क्लस्टर स्थापित करने तथा इलेक्ट्रॉनिक सिटी विकसित करने का भी प्रस्ताव रखा गया। व्यापार मंडल का कहना था कि इससे सहारनपुर और आसपास के युवाओं को गुरुग्राम, नोएडा और बेंगलुरु जैसे शहरों में रोजगार के लिए पलायन नहीं करना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। प्रतिनिधिमंडल ने सहारनपुर से आनंद विहार तक संचालित वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन गुरुग्राम तक बढ़ाने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को गंभीरता से सुना और मांगों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। लखनऊ प्रवास के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विधायक राजीव गुंबर के सहयोग से उत्तर प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही भी देखी। विधायक ने प्रतिनिधिमंडल को विधानसभा परिसर का भ्रमण कराया। इस अवसर पर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने विधायक राजीव गुंबर का शॉल ओढ़ाकर एवं पटका पहनाकर सम्मान किया। प्रतिनिधिमंडल में महानगर अध्यक्ष मुकुंद मनोहर गोयल, महानगर महामंत्री इंजी. अजय शर्मा, युवा महानगर अध्यक्ष अंकित जैन, प्रवीण गाबा, विजय कुमार तनेजा, तजेन्दर सिंह तनेजा, संजय मोहन गुप्ता, प्रशांत गोयल, पवन गुप्ता, मुकेश सेठ, प्रवीण गुप्ता, अजय कुमार जैन, केतन गुप्ता, गौरव गुप्ता, विजय तनेजा, जीवन गुप्ता, शैलेंद्र भूषण गुप्ता एवं सजल गोयल सहित अन्य व्यापारी एवं उद्यमी मौजूद रहे।



