कभी निष्फल नहीं जाती महादेव शिव की साधना: स्वामी कैलाशानंद गिरी
निरंतर जारी है स्वामी कैलाशानंद गिरी की शिव साधना

कलयुग दर्शन (24×7)
राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)
हरिद्वार। श्री दक्षिण काली मंदिर में सावन के पूरे महीने चलने वाली निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज की शिव साधना निरंतर जारी है। लोक कल्याण की कामना को लेकर स्वामी कैलाशानंद गिरी प्रातःकाल से देर सांय तक एक ही आसन में बैठकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बिना रूके लगातार गंगा जल व अन्य द्रव्यों से भगवान शिव का अभिषेक करते हैं। सांयकाल साधना को विश्राम देकर भक्तों को आशीवर्चन भी प्रदान करते हैं। भक्तों को शिव महिमा का सार बताते हुए स्वामी कैलाशानंद गिरी ने कहा कि भक्तों पर हमेशा कृपा करने वाले भगवान शिव ही संसार के कल्याण के लिए हलाहल विष का पान करने के साथ मानवता के लिए संकट उत्पन्न करने वाले असुरों का संहार भी करते हैं। स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि कृपालु और दयालु देवाधिदेव महादेव शिव की साधना कभी निष्फल नहीं जाती।

सावन उनकी साधना और कृपा प्राप्त करने का सर्वोत्तम अवसर है। भगवान शिव को प्रकृति से बेहद लगाव है। इसीलिए उन्होंने सांसरिक कोलाहल से दूर कैलाश को अपना निवास बनाया है। लेकिन राजा दक्ष को दिए अपने वचन का पालन करने के लिए पूरे सावन कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव में विराजमान रहकर संसार का संचालन करते हैं। इस अवसर पर स्वामी अवंतिकानंद ब्रह्मचारी, स्वामी कृष्णानंद ब्रह्मचारी, स्वामी बालमुकंदानंद ब्रह्मचारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त मौजूद रहे। स्वामी अवंतिकानंद ब्रह्मचारी ने बताया कि कांवड़ लेने आने वाले शिवभक्त भी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं और गुरूदेव की साधना के साक्षी बन रहे हैं। भक्तों को निरंतर भोजन प्रसाद भी वितरित किया जा रहा है।



