कांवड़ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, व्यवस्थाओं से श्रद्धालु खुश

कलयुग दर्शन (24×7)
दीपक झा (संवाददाता)
हरिद्वार। विश्व की सबसे बड़ी निरंतर चलने वाली कांवड़ यात्रा अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। अंतिम दिनों में धर्मनगरी हरिद्वार में शिवभक्तों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। देशभर से डाक कांवड़िए गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंच रहे हैं। उत्तराखंड सरकार और जिला प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु यात्रा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

बैरागी कैंप सहित विभिन्न पार्किंग स्थलों पर वाहनों के लिए पर्याप्त व्यवस्था, रोशनी, पेयजल, भोजन, शौचालय, स्वास्थ्य शिविर और साफ-सफाई की व्यवस्था की गई है। हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और पलवल से आए शिवभक्तों ने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस बार पार्किंग, पानी, मेडिकल सुविधा, सफाई और शौचालय की व्यवस्था पहले से बेहतर है।

श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का आभार जताया। शिवभक्तों ने कहा कि बेहतर प्रबंधन और सेवाभाव के कारण कांवड़ यात्रा का अनुभव यादगार बन रहा है। शिवमय हुई धर्मनगरी में श्रद्धालु प्रशासन की व्यवस्थाओं से संतुष्ट नजर आए।




