उत्तर प्रदेश

विधायक आशु मलिक के प्रयासों से ढमोला नदी की 10 साल पुरानी समस्या के समाधान की उम्मीद, विधानसभा में बड़ा कदम

कलयुग दर्शन (24×7)

हैदर अंसारी (सहारनपुर जिला प्रभारी)

सहारनपुर। सहारनपुर देहात विधायक आशु मलिक द्वारा क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं को लगातार विधानसभा में उठाए जाने के बाद ढमोला नदी से जुड़ी समस्याओं के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। उत्तर प्रदेश विधानसभा भवन में समय याचिका समिति की सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग से संबंधित बैठक में विधायक आशु मलिक ने ढमोला नदी, ढमोला, गोकलपुर और मढ़ क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से समिति के समक्ष रखा। बैठक में सहारनपुर नगर आयुक्त सहित सिंचाई विभाग के संबंधित अधिकारियों को बुलाकर क्षेत्र की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक आशु मलिक ने बताया कि ढमोला नदी के तटबंध की पिचिंग का कार्य पूरा होने की बात पिछली सुनवाई में अधिकारियों द्वारा कही गई थी, लेकिन मौके पर स्थिति इसके विपरीत मिली। इसके बाद अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया गया। विधायक ने ढमोला नदी क्षेत्र में पुल निर्माण और आवागमन से जुड़ी समस्याओं को भी समिति के समक्ष मजबूती से रखा। मामले को गंभीरता से लेते हुए समिति के सभापति ने नगर निगम, सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग (PWD) की संयुक्त टीम गठित कर मौके का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।

संयुक्त टीम एक माह के भीतर समिति को रिपोर्ट सौंपेगी कि ढमोला, गोकलपुर और मढ़ क्षेत्र में किन-किन स्थानों पर पुल की आवश्यकता है और पुल निर्माण को लेकर किस विभाग की क्या जिम्मेदारी होगी। बैठक में यह भी तय किया गया कि नगर निगम क्षेत्र में आने वाले स्थानों पर आवश्यक पुल का निर्माण नगर निगम द्वारा कराया जाएगा। इसके अलावा विधायक आशु मलिक ने अपने विधानसभा क्षेत्र की सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग से संबंधित अन्य समस्याओं को भी समिति के सभापति के माध्यम से विभाग के सचिव के समक्ष पत्र के जरिए रखा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं का समाधान केवल फाइलों तक सीमित न रहकर धरातल पर होना चाहिए। विधायक आशु मलिक ने कहा कि ढमोला नदी की करीब 10 साल पुरानी समस्या के समाधान के लिए अब ठोस कार्रवाई की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। उनका प्रयास है कि जनहित से जुड़ी इन समस्याओं को जल्द से जल्द जमीन पर समाधान तक पहुंचाया जाए।

Related Articles

Back to top button