उत्तर प्रदेश

सहारनपुर में कैंसर के बढ़ते मामलों का मामला विधानसभा याचिका समिति तक पहुंचा

विधायक आशु मलिक ने उठाया गंभीर मुद्दा, सभापति सतीश महाना ने तीन सदस्यीय समिति को सहारनपुर भेजकर 15 दिन में मांगी जांच रिपोर्ट

कलयुग दर्शन (24×7)

हैदर अंसारी (सहारनपुर जिला प्रभारी)

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा की याचिका समिति की लखनऊ स्थित विधान भवन में हुई बैठक में सहारनपुर देहात विधायक आशु मलिक ने काली नदी, ढमोला नदी और हिंडन नदी के आसपास के क्षेत्रों में कैंसर के बढ़ते मामलों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 से इन क्षेत्रों में कैंसर के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं, लेकिन पूर्व में दिए गए जांच के निर्देशों का अपेक्षित पालन नहीं हुआ। सपा कार्यालय प्रभारी एवं प्रवक्ता फैसल सलमानी ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी लंबित याचिकाओं पर चर्चा के दौरान विधायक आशु मलिक ने कहा कि इस गंभीर समस्या को लेकर पूर्व में विधानसभा तथा याचिका समिति की बैठकों में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम से जांच कराने, पानी के नमूने लेने तथा मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद निर्देशों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। विधायक ने कहा कि समस्या केवल सहारनपुर विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास की विधानसभाओं और जनपदों में भी कैंसर के बढ़ते मामलों की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने इस मामले में व्यापक स्तर पर जांच और ठोस कार्रवाई की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए याचिका समिति के सभापति सतीश महाना ने अधिकारियों द्वारा पूर्व निर्देशों के अनुपालन न किए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने समिति के तीन सदस्यों को स्वयं सहारनपुर का दौरा कर पूरे मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं। समिति को 15 दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है। सभापति ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच में यदि किसी अधिकारी की लापरवाही या समिति को गलत रिपोर्ट देकर गुमराह करने की बात सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रवक्ता फैसल सलमानी ने बताया कि बैठक में सहारनपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भी तलब किया गया था। बैठक में प्रमुख सचिव रितु माहेश्वरी, मुख्य अपर सचिव अमित घोष सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि सहारनपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों की समस्या के समाधान के लिए अब मामले की गंभीरता से जांच कराकर आवश्यक ठोस कदम उठाए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button