उत्तराखंड

रक्षाबंधन पर नरम पड़े रिश्ते, कंगना रनौत को बाबा रामदेव ने भेजा उपहार

कलयुग दर्शन (24×7)

आशु (संवाददाता)

हरिद्वार। अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत और योगगुरु बाबा रामदेव के बीच पिछले कुछ समय से चली आ रही जुबानी तल्खी के बीच रक्षाबंधन के अवसर पर रिश्तों में नरमी के संकेत मिले हैं। बाबा रामदेव ने कंगना रनौत को अपनी बहन बताते हुए उन्हें रक्षाबंधन का उपहार भेजा। रामदेव ने कहा कि मतभेदों को विवाद का रूप देने के बजाय बातचीत और संवाद के माध्यम से दूर किया जाना चाहिए। सार्वजनिक जीवन में विचारों का अलग होना स्वाभाविक है, लेकिन व्यक्तिगत कटुता को बढ़ावा देने के बजाय आपसी संवाद से समाधान तलाशना बेहतर है। उन्होंने समाज में नफरत और वैमनस्य के बजाय आपसी सम्मान, प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया।

रक्षाबंधन पर कंगना को बहन के रूप में संबोधित कर उपहार भेजने के इस कदम को दोनों के बीच चले आ रहे मतभेदों को कम करने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है। रामदेव ने भारतीय संस्कृति में भाई-बहन के रिश्ते की अहमियत बताते हुए कहा कि रक्षाबंधन जैसे पर्व प्रेम, विश्वास और पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने का संदेश देते हैं। अब देखना होगा कि इस पहल के बाद दोनों के बीच जारी जुबानी तल्खी पर विराम लगता है या नहीं।

Related Articles

Back to top button