हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया रक्षाबंधन पर्व
बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी, भाइयों ने दिया रक्षा का वचन

कलयुग दर्शन (24×7)
अवधेश भूमिवाल (संवाददाता)
हरिद्वार। भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व धर्मनगरी हरिद्वार में शुक्रवार को हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर में रक्षाबंधन की चहल-पहल देखने को मिली। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी कलाई पर राखी बांधी और उनकी दीर्घायु, सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। वहीं, भाइयों ने बहनों को उपहार भेंट कर उनकी सदैव रक्षा करने का संकल्प लिया। शिवलोक कॉलोनी निवासी गिरवरनाथ जनकल्याण धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं समाजसेवी कमल खड़का की पुत्री खुशी ने अपने भाई अंश को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल रहा। रक्षाबंधन के अवसर पर धर्मनगरी में दिनभर उत्सव जैसा वातावरण रहा। राखी बांधने के लिए मायके पहुंची बहनों का परिवारजनों ने स्वागत किया। कई घरों में बहनों के लिए सेवईं और विभिन्न प्रकार के पकवान तैयार किए गए। बाजारों में भी पर्व को लेकर खूब खरीदारी हुई।

विशेष रूप से राखी, मिठाई, कपड़े और गिफ्ट आइटम की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। रक्षाबंधन के चलते बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए विभिन्न स्थानों से बहनें हरिद्वार पहुंचीं, जबकि कई बहनें अपने मायके जाने के लिए रवाना हुईं। वहीं, रक्षाबंधन पर सरकार की ओर से महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा का भी महिलाओं ने जमकर लाभ उठाया। सुविधा का लाभ लेने के लिए सुबह से ही बस अड्डे पर महिलाओं और यात्रियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। कुल मिलाकर रक्षाबंधन पर्व ने धर्मनगरी में भाई-बहन के पवित्र प्रेम और आपसी रिश्तों की मिठास को और मजबूत किया।



