स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण पर जोर
चार-स्तरीय अपशिष्ट पृथक्करण लागू करने और यूजर चार्ज की शत-प्रतिशत वसूली के निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी एवं ग्रामीण) के तहत स्वच्छता कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन, घर-घर कचरा संग्रहण, अपशिष्ट प्रबंधन और जन-जागरूकता गतिविधियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने तथा कूड़ा वाहनों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप यूजर चार्ज की शत-प्रतिशत वसूली पर भी जोर दिया। उन्होंने चार-स्तरीय अपशिष्ट पृथक्करण को प्रभावी रूप से लागू करने और घरों से गीला, सूखा, घरेलू जोखिमयुक्त एवं सैनिटरी कचरे को अलग-अलग एकत्र करने के निर्देश दिए।

साथ ही अवैध डंप साइटों, लिगेसी वेस्ट, कम्पोस्ट पिट तथा कूड़ा निस्तारण केंद्रों की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। जिलाधिकारी ने विद्यालयों में स्वच्छता शपथ, रैली और जन-जागरूकता अभियान को व्यापक बनाने तथा न्यायालय के आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, जिला पंचायत राज अधिकारी एम.एम. खान, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, स्वजल नोडल अधिकारी चन्द्र मणि त्रिपाठी सहित विभिन्न निकायों के ईओ एवं खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।



