मुंडाखेड़ा कलां चोरीकांड का पुलिस ने किया खुलासा
दो आरोपी गिरफ्तार, लाखों के सोने-चांदी के जेवरात व वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मुंडाखेड़ा कलां में करीब दस दिन पूर्व हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी गांव के ही आशीष सैनी उर्फ गादड़ और ललित कुमार उर्फ पाशा हैं। पुलिस उनके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। एसएचओ प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि करीब दस दिन पहले आधी रात को ग्राम मुंडाखेड़ा कलां निवासी नवीन के घर में अज्ञात चोर घुस गए थे। चोर घर में रखे लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर फरार हो गए थे। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने सुरागरसी और मुखबिर की सूचना के आधार पर मंगलवार को गांव के ही आशीष सैनी उर्फ गादड़ पुत्र सुखबीर सैनी तथा ललित कुमार उर्फ पाशा पुत्र मुनेश को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका नवीन के घर आना-जाना था और उन्हें घर में नकदी व सोने-चांदी के जेवरात रखे होने की जानकारी थी। इसके बाद उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद नकदी खर्च कर दी गई, जबकि जेवरात बेचकर प्राप्त रकम को आपस में बांटने की योजना थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस टीम में एसएसआई नवीन चौहान, एसआई शहजाद अली, एसआई समीप पांडेय, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार व पंचम प्रकाश तथा कांस्टेबल संजय कुमार और संदीप रावत शामिल रहे।



