कांग्रेस नेताओं ने कुंभ मेलाधिकारी सोनिका से मुलाकात कर स्थायी निर्माण कार्यों और जनप्रतिनिधियों से सुझाव लेने की उठाई मांग

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। कांग्रेस नेताओं ने कुंभ मेला-2027 के निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी के संयोजन में कांग्रेस नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने कुंभ मेलाधिकारी सोनिका से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान मनोज सैनी एवं सोम त्यागी ने निर्माण कार्यों में पारदर्शिता बरतने के साथ पूर्व विधायक अंबरीष कुमार एवं राज्य आंदोलनकारियों के नाम पर घाट घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला सनातन संस्कृति की पहचान है और इसमें करोड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में अधिक से अधिक स्थायी निर्माण कार्य कराए जाने चाहिए, ताकि स्थानीय नागरिकों को भी लंबे समय तक इनका लाभ मिल सके।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा सभी कार्य पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। मनोज सैनी ने निर्माण कार्य शुरू करने से पहले जनप्रतिनिधियों से भी सुझाव लेने की मांग की, ताकि योजनाओं को स्थानीय जरूरतों के अनुरूप बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने पार्किंग, अस्पताल और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े स्थायी निर्माण पर विशेष ध्यान देने की अपील की। साथ ही कहा कि कुंभ मेले के बाद निर्माण कार्यों को तोड़ने की स्थिति उत्पन्न न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए। इस दौरान पहाड़ी महासभा के अध्यक्ष तरुण व्यास, सोम त्यागी, विवेक त्यागी आदि मौजूद रहे।



