भीमगोड़ा कुंड के संरक्षण और सौंदर्यीकरण को मिलेगी नई पहचान: सोनिका

कलयुग दर्शन (24×7)
अमित वालिया (संवाददाता)
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने के साथ हरिद्वार की पौराणिक एवं धार्मिक विरासत के संरक्षण और सौंदर्यीकरण पर मेला प्रशासन विशेष ध्यान दे रहा है। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने पौराणिक भीमगोड़ा कुंड का स्थलीय निरीक्षण कर इसके जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण का जिम्मा एचआरडीए को सौंपते हुए कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कुंड की सफाई, जलापूर्ति, सीढ़ियों एवं क्षतिग्रस्त पत्थरों के सुधार, रेलिंग, प्रकाश व्यवस्था तथा मंदिरों एवं धार्मिक संरचनाओं के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। आसपास के भवनों के अग्रभाग को निर्धारित थीम के अनुरूप विकसित करने तथा प्रवेश द्वार के समीप ऑटो और ई-रिक्शा की अनियोजित पार्किंग पर रोक लगाकर वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मेलाधिकारी ने रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए समतलीकरण, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय एवं अन्य जनसुविधाओं के कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

निर्माणाधीन एडमिन रोड, घाटों के सुदृढ़ीकरण और आस्था पथ के कार्यों को भी निर्धारित समयसीमा में पूरा करने को कहा। दूधाधारी चौक-भूपतवाला क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने दूधाधारी चौक से ज्वालापुर तक प्रस्तावित सड़क नवीनीकरण कार्य की जानकारी ली। उन्होंने फुटपाथ, रेलिंग, ड्रेनेज, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग एवं शौचालयों की समुचित व्यवस्था के साथ स्थानीय लोगों, व्यापारियों, साधु-संतों और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को शामिल करने के निर्देश दिए। मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि कुंभ मेला-2027 के सभी निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं तथा स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगमता एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता हो। निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह सहित लोक निर्माण विभाग, टेक्निकल सेल, यूपीडीसीसी एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



