उत्तराखंड

खाद्य सुरक्षा विभाग की सघन कार्रवाई, 150 किलो एक्सपायरी रसगुल्ले नष्ट कराए

हरिद्वार के खड़खड़ी, जगजीतपुर और ज्वालापुर में 10 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, पांच खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे

कलयुग दर्शन (24×7)

संदीप कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ सघन निरीक्षण अभियान चलाया। खड़खड़ी, जगजीतपुर और ज्वालापुर क्षेत्र में डेयरी एवं मिष्ठान प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। ज्वालापुर स्थित एक प्रतिष्ठान में करीब 150 किलोग्राम एक्सपायरी डेट के रसगुल्ले पाए गए। नमूना लेने के बाद रसगुल्लों को बिक्री एवं उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए जाने पर मौके पर ही नष्ट कराया गया। नियमों के उल्लंघन पर प्रतिष्ठान संचालक को सुधार नोटिस जारी कर 14 दिनों में स्पष्टीकरण मांगा गया है।

अभियान के दौरान खड़खड़ी की एक डेयरी से खोये का नमूना तथा जगजीतपुर फुटबॉल ग्राउंड के पास तीन डेयरियों से पनीर के दो और खुले दूध का एक नमूना लिया गया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चन्द्र टम्टा के नेतृत्व में ज्वालापुर क्षेत्र के 10 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। कुल पांच नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button