जीएसटी छापेमारी के विरोध में व्यापारियों का प्रदर्शन, दुकानें बंद करने की चेतावनी
हरिद्वार इलेक्ट्रिक एसोसिएशन ने तहसील से चंद्राचार्य चौक तक निकाली विरोध रैली

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। इलेक्ट्रिक सामान के व्यापारियों की दुकानों पर जीएसटी विभाग की छापेमारी के विरोध में रविवार को हरिद्वार इलेक्ट्रिक एसोसिएशन के बैनर तले व्यापारियों ने चंद्राचार्य चौक पर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने तहसील से चंद्राचार्य चौक तक विरोध रैली निकालकर जीएसटी विभाग की कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी की। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने आरोप लगाया कि पिछले 2-3 दिनों से प्रदेशभर में बिजली के सामान के व्यापारियों को निशाना बनाकर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा कम समय में लाखों रुपये एडवांस टैक्स के नाम पर जमा कराने का दबाव बनाया जा रहा है। व्यापारियों का कहना है कि वे पहले से ही मंदी, बारिश, ऑनलाइन कारोबार और ऑनलाइन भुगतान पर लगने वाले शुल्क की मार झेल रहे हैं। राजीव गुप्ता ने कहा कि दीपावली के सीजन से पहले छापेमारी से व्यापारी परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि बेहद कम समय में रकम जमा कराने के दबाव के कारण एक व्यापारी को अपने घर के जेवर तक गिरवी रखने पड़े। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं रुकी तो सोमवार से व्यापारी दुकानें बंद कर चाबियां सरकार को सौंपने का कदम उठा सकते हैं।

व्यापारी नेता विशाल गर्ग ने कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और सरकार के साथ सहयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि जीएसटी विभाग को किसी व्यापारी के संबंध में शिकायत या संदेह है तो नोटिस देकर कार्यालय बुलाकर स्पष्टीकरण लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सीधे छापेमारी से व्यापारियों में रोष और परेशानी बढ़ रही है। कार्रवाई नहीं रुकने पर व्यापारी वर्ग के आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई। प्रदर्शन में महामंत्री सुशांत शर्मा, कोषाध्यक्ष पल्लव मित्तल, शिवकुमार कश्यप, प्रवीण शर्मा, योगेश भारद्वाज, पंडित अधीर कौशिक, मयंक मूर्ति भट्ट, अजय अरोड़ा, सुभाष अग्रवाल, ललित गोयल, उमेश अग्रवाल, नरेंद्र अग्रवाल, शगुन गुप्ता, लोकेश मिगलानी, कमल आहूजा, अजय मित्तल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।



