उत्तराखंड

महिला के साथ संबंधों के विवाद में गोपाल की हत्या, दंपती गिरफ्तार

पत्नी को साथ ले जाने का दबाव बनाने से नाराज था पति, दो अन्य आरोपी फरार

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र के दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में मिले अज्ञात पुरुष के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मृतक गोपाल आरोपी महिला पर परिवार छोड़कर उसके साथ आने का दबाव बना रहा था। इसकी जानकारी महिला ने अपने पति को दी, जिसके बाद दोनों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। 17 सितंबर की सुबह दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में एक अज्ञात पुरुष का शव मिला था। मृतक के पास बिजनौर की बस का टिकट मिला, लेकिन पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं था। पुलिस ने आसपास के जिलों और थानों में मृतक की पहचान के प्रयास किए। 20 सितंबर को हरिद्वार पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान गोपाल पुत्र उमा चरण, निवासी नई बस्ती, आबकारी चौकी के पास बिजनौर, उम्र करीब 50 वर्ष के रूप में की। मृतक के बेटे आशु कुमार की तहरीर पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी नरेंद्र का मेरठ के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां मृतक की आरोपी महिला से जान-पहचान हुई थी। पुलिस के अनुसार बाद में दोनों के बीच संबंध बन गए।

गोपाल महिला पर परिवार छोड़कर उसके साथ आने का दबाव बना रहा था। महिला ने इसकी जानकारी अपने पति को दी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर को महिला ने गोपाल को मिलने के लिए हरिद्वार बुलाया और रात में उसे गंगा घाट ले गई। आरोप है कि गोपाल के शराब पीकर सो जाने के बाद पहले से मौजूद नरेंद्र और अन्य लोगों ने चापड़ व छुरी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद मृतक का मोबाइल और पर्स गंगा में फेंक दिया गया। पुलिस ने 21 सितंबर को मोतीचूर रेलवे स्टेशन से नरेंद्र और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का चापड़ बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर चालान किया गया है।

Related Articles

Back to top button