गृह क्लेश के बाद जहरीला पदार्थ खाने वाले युवक की मौत
रास्ते के विवाद को लेकर परिवार में हुई थी कहासुनी, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

कलयुग दर्शन (24×7)
आशु (संवाददाता)
हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र के सुल्तानपुर में गृह क्लेश के बाद जहरीला पदार्थ खाने वाले युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान इमरान (34) पुत्र यासीन निवासी सुल्तानपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि इमरान जेके टायर कंपनी में चालक था। रविवार को ड्यूटी से घर लौटने के बाद किसी बात को लेकर परिवार में विवाद हो गया। इसके बाद इमरान ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए हरिद्वार रेफर कर दिया। हरिद्वार के अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि इमरान का परिवार के लोगों से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर रविवार को पति-पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के बीच कहासुनी हुई थी। हालांकि, युवक ने किन परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाया और इसके पीछे वास्तविक कारण क्या था, यह अभी स्पष्ट नहीं है। सुल्तानपुर चौकी प्रभारी बीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि युवक की उपचार के दौरान मौत हुई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



