उत्तराखंड

जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने वाला गिरफ्तार

पत्नी से जेल में मुलाकात को लेकर नाराज था आरोपी, तमंचा और कारतूस बरामद

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

हरिद्वार। जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने के मामले में सिडकुल पुलिस ने आरोपी हिमांशु चोढा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार 11 सितंबर को जेल अधीक्षक के मोबाइल पर धमकी भरे और अभद्र मैसेज भेजकर जान से मारने की धमकी दी गई थी। मामले में थाना सिडकुल में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। सोमवार को सूर्यनगर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने हिमांशु चोढा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी शीला जिला कारागार में बंद है। जेल में मुलाकात के दौरान पूछताछ किए जाने से वह नाराज था।

आरोपी के अनुसार उसकी पत्नी ने जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने की बात कही और उनका मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया। इसके बाद आरोपी ने लुधियाना से नया मोबाइल नंबर लेकर धमकी भरे मैसेज भेजे। पुलिस के मुताबिक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी तमंचा लेकर लुधियाना से हरिद्वार आया था और जेल की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया। बरामद तमंचे के संबंध में मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 भी बढ़ाई गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ देहरादून के रायवाला थाने में भी मुकदमा दर्ज है। मामले में आरोपी की पत्नी शीला के खिलाफ भी उपलब्ध तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button