उत्तराखंड

मुठभेड़ में चेन स्नैचिंग गिरोह का बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

चेन स्नैचिंग और बाइक चोरी की कई वारदातों का खुलासा, एक बदमाश फरार

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। शहर में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार रात औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी के पास चेकिंग के दौरान पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसएसपी नवनीत सिंह, एसपी सिटी दीपक सिंह और सीओ सिटी शिशुपाल नेगी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान नरेश निवासी सुल्तानपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है।

पूछताछ में सामने आया कि नरेश और उसके फरार साथी दिनेश ने मंगलवार सुबह महिला से चेन स्नैचिंग, कनखल में चेन स्नैचिंग तथा ज्वालापुर क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इसके अलावा 30 सितंबर को रायवाला क्षेत्र में भी चेन स्नैचिंग की घटना को अंजाम देने की बात सामने आई है। पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से लूटी गई चेन, एक तमंचा और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। फरार बदमाश दिनेश की तलाश में पुलिस टीम कांबिंग कर रही है। एसएसपी ने बताया कि दिल्ली पुलिस से भी बदमाशों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है। फरार बदमाश को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button