विद्युत पोलों से अनधिकृत केबल-तार हटाने का अभियान शुरू
समय सीमा के बाद भी तार न हटाने पर जिला प्रशासन ने की कार्रवाई

कलयुग दर्शन (24×7)
आशु (संवाददाता)
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर नगर क्षेत्र में विद्युत पोलों पर बिना अनुमति और अव्यवस्थित तरीके से लगाए गए केबल एवं तारों को हटाने का अभियान शुरू कर दिया गया है। नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम कार्रवाई कर रही है। जिलाधिकारी ने पूर्व में केबल ऑपरेटरों एवं विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विद्युत पोलों और सार्वजनिक संपत्तियों पर लगाए गए अनधिकृत केबल एवं तार स्वयं हटाने के निर्देश दिए थे। इसके लिए संबंधित ऑपरेटरों को पर्याप्त समय भी दिया गया था। निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी तार नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने स्वयं कार्रवाई शुरू की। इसी क्रम में देवपुरा चौक से रानीपुर मोड़ के बीच विद्युत पोलों पर लगे विभिन्न कंपनियों के अनधिकृत एवं अव्यवस्थित केबल-तारों को चिन्हित कर हटाया जा रहा है। टीम द्वारा मौके पर विद्युत पोलों का निरीक्षण करते हुए अनधिकृत तारों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है।

नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों और सरकारी संपत्तियों पर अनधिकृत अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। कंपनियों एवं सेवा प्रदाताओं को नियमानुसार अनुमति लेने के बाद ही केबल और तार लगाने होंगे। बिना अनुमति के लगाए गए केबल-तारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। देवपुरा चौक से रानीपुर मोड़ के बीच शुरू हुई कार्रवाई के बाद आवश्यकता के अनुसार अन्य क्षेत्रों में भी अनधिकृत केबल एवं तार हटाए जाएंगे। प्रशासन ने संबंधित कंपनियों और केबल ऑपरेटरों से सार्वजनिक संपत्तियों पर बिना अनुमति केबल या तार न लगाने तथा पहले से लगे अनधिकृत तार तत्काल हटाने की अपील की है।



