उत्तराखंड

कुंभ-2027: निरंजनी अखाड़े की पेशवाई मार्ग का स्थलीय निरीक्षण

मेला प्रशासन और अखाड़ा पदाधिकारियों ने व्यवस्थाओं को लेकर किया मार्ग का जायजा

कलयुग दर्शन (24×7)

राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। अखाड़ों की पेशवाई को लेकर प्रस्तावित मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। बुधवार को श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी की प्रस्तावित पेशवाई के मार्ग का मेला प्रशासन और अखाड़ा पदाधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण किया। श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी के सचिव श्रीमहंत राम रतन गिरी के साथ उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह गिल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने गोविंदपुरी से अखाड़ा परिसर स्थित छावनी स्थल तक पूरे मार्ग का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान साधु-संतों, रथों, हाथियों, ध्वजों और झांकियों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए मार्ग की चौड़ाई, विद्युत लाइनों, पेड़ों, प्रकाश व्यवस्था और संभावित अवरोधों की स्थिति देखी गई।

गोविंदपुरी से छावनी स्थल तक जाएगी पेशवाई
परंपरानुसार निरंजनी अखाड़े की पेशवाई एसएमजेएन पीजी कॉलेज परिसर, गोविंदपुरी से शुरू होकर निरंजनी अखाड़ा परिसर स्थित छावनी स्थल तक जाएगी। प्रस्तावित मार्ग में गोविंदपुरी, रानीपुर मोड़, शंकर आश्रम, सिंहद्वार, देशरक्षक तिराहा, बाबा रामदेव पुलिया, झंडा चौक, बंगाली मोड़, शंकराचार्य चौक, तुलसी चौक, वाल्मीकि चौक होते हुए निरंजनी अखाड़ा मार्ग शामिल है। निरीक्षण के दौरान यातायात, सुरक्षा, अग्निशमन, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत और प्रकाश व्यवस्था समेत श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

अधिकारियों ने मार्ग में संभावित अवरोधों को चिह्नित कर समय रहते दूर करने के निर्देश दिए। श्रीमहंत राम रतन गिरी ने कहा कि पेशवाई में बड़ी संख्या में साधु-संतों के साथ रथ, हाथी, ध्वज और झांकियां शामिल होती हैं। ऐसे में मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाना जरूरी है। उन्होंने कुंभ-2027 की तैयारियों में मेला प्रशासन को अखाड़े की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह गिल ने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेशवाई के दौरान सुरक्षा, यातायात, अग्निशमन, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत और प्रकाश व्यवस्था पर्याप्त स्तर पर सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण में उप प्रभागीय वनाधिकारी पूनम कैंथोला, सीओ कुंभ उमेश मलिक, सीओ यातायात बिपेन्द्र सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव सहित मेला प्रशासन, पुलिस, फायर सर्विस, वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल, जल संस्थान और नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button