उत्तराखंड

डीएम ने किया राजकीय प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण

पुराने भवन की जगह नया विद्यालय बनाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश, बच्चों के लिए खेल मैदान पर भी दिया जोर

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जनपद की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित लगातार प्रयास कर रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने अपर रोड स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया और पाठ्यक्रम से संबंधित प्रश्न पूछे। उन्होंने बच्चों से गणित के सवाल भी हल करवाए। विद्यार्थियों द्वारा सभी प्रश्नों के सही उत्तर देने पर जिलाधिकारी ने उनका उत्साहवर्धन किया और पढ़ाई के प्रति उनकी रुचि की सराहना की।

जिलाधिकारी ने शिक्षिकाओं को निर्देश दिए कि बच्चों को पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा के साथ व्यावहारिक जानकारी भी दी जाए, ताकि वे किताबी ज्ञान का उपयोग दैनिक जीवन में कर सकें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियां भी जरूरी हैं।

विद्यालय भवन का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने पुराने भवन के स्थान पर नए विद्यालय भवन के निर्माण के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में खेल मैदान की आवश्यकता पर भी जोर दिया। कहा कि खेलकूद से बच्चों में शारीरिक क्षमता, अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं का विकास करने और शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद, प्रधानाध्यापिका सपना रानी, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button