उत्तर प्रदेश

डीएम ने किया शाकंभरी देवी मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण

पुलिस रिपोर्टिंग चौकी के विस्तारित भवन का किया उद्घाटन, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के दिए निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

सहारनपुर। शारदीय नवरात्र के अवसर पर जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने मां शाकंभरी देवी मंदिर में आयोजित मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया और कन्याओं को अपने हाथों से प्रसाद वितरित किया। इस अवसर पर राणा परिवार की ओर से पुलिस रिपोर्टिंग चौकी के विस्तारित भवन का उद्घाटन किया गया। भवन का निर्माण मंदिर व्यवस्थापक आदित्य राणा ने करवाया है। इसका उद्देश्य मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग करना है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के दर्शन कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, साफ-सफाई, शौचालयों की स्वच्छता, बिजली, प्रकाश, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। कहीं कोई कमी मिलने पर तत्काल इसकी जानकारी देकर समस्या का समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से श्रद्धालुओं के साथ सद्भावपूर्ण व्यवहार करने और सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान एसपी ट्रैफिक शैलेंद्र कुमार, एसडीएम बेहट सुबोध कुमार, मंदिर व्यवस्थापक आदित्य राणा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button