उत्तराखंड

कुंभ-2027 की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश

सतपाल महाराज ने की समीक्षा बैठक, सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्था पर दिया जोर

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने बृहस्पतिवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। मंत्री ने भीड़ प्रबंधन, यातायात, पार्किंग, शटल बस सेवा, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छ पेयजल और स्वच्छता की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने भगदड़ रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने, आपातकालीन निकासी के वैकल्पिक मार्ग तैयार रखने तथा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। वृद्धजनों और दिव्यांगजनों के लिए रैंप तथा पर्याप्त चेंजिंग रूम उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने सड़कों, पुलों, घाटों और रोप-वे की गुणवत्ता जांचने के साथ निर्माण कार्य समय पर पूरे कराने को कहा। अस्पतालों, एंबुलेंस, दवाओं और चिकित्सा कर्मियों की पर्याप्त व्यवस्था के निर्देश भी दिए।

इसके अलावा विद्युत एवं दूरसंचार सेवाएं सुचारू रखने और प्रमुख मंदिरों, पुलों व घाटों को आकर्षक लाइटिंग से सजाने पर जोर दिया। सतपाल महाराज ने कहा कि कुंभ के लिए विकसित सुविधाओं का लाभ हरिद्वार को वर्षभर मिलना चाहिए। साथ ही उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

मेलाधिकारी ने दी प्रगति की जानकारी
मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि कुंभ से जुड़े अधिकांश कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं। पुलों, घाटों और सड़कों की प्रमुख परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जा रही है। बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, नगर आयुक्त नंदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। टिहरी, पौड़ी और देहरादून के अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से प्रतिभाग किया।

Related Articles

Back to top button