कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने किया विकास कार्यों का लोकार्पण
कन्या इंटर कॉलेज में सोलर हैंडपंप और मंच शेड का उद्घाटन, डेटॉल स्कूल हाइजीन कार्यक्रम शुरू

कलयुग दर्शन (24×7)
आशु (संवाददाता)
हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने सेवा संकल्प अभियान (17 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026) के अंतर्गत पीएम श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, ज्वालापुर में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने छात्राओं को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए सोलर ड्यूल हैंडपंप और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए निर्मित मंच शेड का उद्घाटन किया। इसके साथ ही विद्यालय में डेटॉल स्कूल हाइजीन एजुकेशन प्रोग्राम का शुभारंभ भी किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विद्यालय की प्रधानाचार्य पूनम राणा, स्थानीय पार्षद निशा पुंडीर एवं अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर और हैंडपंप संचालित कर किया। इस दौरान अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं फूलमालाओं से स्वागत किया गया। वैश्विक हाथ धुलाई दिवस के अवसर पर 15 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने छात्राओं और शिक्षकों को स्वच्छता का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 की थीम ‘Be a Handwashing Hero!’ यानी ‘हाथ धोने के नायक बनें’ स्वच्छता और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि साबुन और पानी से नियमित रूप से हाथ धोना एक छोटी, लेकिन बेहद महत्वपूर्ण आदत है। भोजन से पहले और शौचालय के उपयोग के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोने से दस्त, डायरिया और अन्य संक्रमणों का खतरा कम किया जा सकता है। उन्होंने हाथों की हथेलियों, उंगलियों के बीच और नाखूनों की सफाई करते हुए कम से कम 20 सेकंड तक साबुन से हाथ धोने पर जोर दिया।

कैबिनेट मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित स्वच्छ भारत मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने छात्राओं और शिक्षकों से स्वयं स्वच्छता की आदत अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन रश्मि डबराल ने किया। इस अवसर पर डेटॉल इंडिया स्कूल हाइजीन एजुकेशन प्रोग्राम के बैनर एवं शिलापट का अनावरण भी किया गया। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार, डेटॉल के जिला प्रभारी प्रकाश नेगी, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र कटारिया, प्रधानाचार्य पूनम राणा, पार्षद निशा पुंडीर सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के संकल्प के साथ हुआ।



