उत्तराखंड

केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने की मनसा देवी मंदिर में पूजा अर्चना

मां मनसा देवी के दरबार से कोई श्रद्धालु खाली हाथ नहीं लौटता: श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी

कलयुग दर्शन (24×7)

राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)

हरिद्वार। हरिद्वार आयी केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने मनसा देवी मंदिर में दर्शन पूजन कर देशवासियों के लिए मंगलकामना की। मनसा देवी मंदिर में पूजा अर्चना के पश्चात सावित्री ठाकुर ने निरंजनी अखाड़े पहुंचकर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज से भेंटकर आशीर्वाद लिया। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने मां मनसा देवी की चुनरी ओढ़ाकर एवं पगड़ी पहनाकर तथा मां मनसा देवी का चित्र भेंटकर सावित्री ठाकुर का स्वागत किया। श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने सावित्री ठाकुर को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत की नारी शक्ति प्रत्येक क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि नवरात्रों में मां मनसा देवी के दरबार से कोई भी श्रद्धालु खाली हाथ नहीं लौटता है। मां मनसा देवी अपने भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी करती हैं। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष होने वाले हरिद्वार कुंभ, नासिक व उज्जैन महाकुंभ को दिव्य व भव्य स्वरूप में संपन्न कराया जाएगा।

केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि संत महापुरूषों के सानिध्य में ही जीवन को नई दिशा प्राप्त होती है। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज सनातन को गति देने के साथ समाज कल्याण में भी अहम योगदान कर रहे हैं। कोरोना काल में उनके द्वारा चलाए गए सेवा प्रकल्पों को पूरे देश में सराहना मिली। इस दौरान निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी सत्यश्रेयानंद गिरी, महंत राज गिरी, ट्रस्टी अनिल शर्मा, महेश दुबे आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button