थाना मंडी: मिशन शक्ति फेज़-5.0 के अंतर्गत महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता एवं चेकिंग अभियान
कलयुग दर्शन (24×7)
अबलीश कुमार (सहारनपुर संवाददाता)
सहारनपुर। थाना मंडी क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण अभियान मिशन शक्ति फेज़-5.0 के तहत एंटी-रोमियो टीम द्वारा विभिन्न सार्वजनिक एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर चेकिंग अभियान एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के संबंध में जागरूक किया गया तथा सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे विधवा पेंशन योजना, सुमंगला योजना, बाल कल्याण योजनाएँ, बाल मजदूरी न कराने, तथा गुड टच एवं बैड टच की पहचान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

इसके साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया- डिजिटल अरेस्ट से बचाव, साइबर फ्रॉड, फ्रॉड कॉल एवं अनचाहे लिंक से सतर्कता, साइबर अपराधों की पहचान एवं उनसे बचाव के उपाय। इस अवसर पर सरकार द्वारा जारी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई- 1090- वूमेन पावर हेल्पलाइन, 1076- मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098- चाइल्ड हेल्पलाइन, 1930- साइबर अपराध हेल्पलाइन, 108- एंबुलेंस सेवा, 112- पुलिस आपातकालीन सेवा।

अभियान के दौरान महिलाओं से उनकी समस्याएँ पूछकर समाधान हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही आने-जाने वाले बालकों एवं पुरुषों से पूछताछ कर उन्हें आवश्यक चेतावनी दी गई, जिससे क्षेत्र में शांति, अनुशासन एवं सुरक्षा बनी रहे। थाना मंडी पुलिस द्वारा इस प्रकार के अभियानों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, साइबर अपराधों से बचाव, तथा समाज में जागरूकता एवं विश्वास बढ़ाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।




