उत्तर प्रदेश

सुंदरकांड पाठ व भजन संध्या के साथ रोटरी क्लब सहारनपुर हारमोनी के नए सत्र का भव्य आगाज

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

सहारनपुर। रोटरी क्लब सहारनपुर हारमोनी के रोटरी वर्ष 2026-27 का शुभारंभ बुधवार को भगवान श्रीराम एवं श्रीहनुमान जी के आशीर्वाद के साथ इष्ट सिद्धि मंदिर, स्टेट बैंक कॉलोनी, दिल्ली रोड पर आयोजित भव्य सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या से हुआ। आध्यात्मिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम के उपरांत क्लब की नई कार्यकारिणी ने विधिवत अपने दायित्वों का कार्यभार ग्रहण किया। सुंदरकांड पाठ के समापन के बाद क्लब के वरिष्ठ रोटेरियन राकेश सपरा ने रोटरी के नए सत्र की रूपरेखा एवं सेवा कार्यों की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए सभी सदस्यों से समाजहित में समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। इसके पश्चात क्लब के पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन सुनील छावड़ा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनिल कुमार भारद्वाज को अध्यक्षीय कॉलर पहनाकर उनके कार्यकाल का विधिवत शुभारंभ कराया। वरिष्ठ रोटेरियन राकेश सपरा ने लोकेश चौहान को सचिव पद का कॉलर पहनाकर कार्यभार ग्रहण कराया, जबकि विनीत चौहान ने क्लब के कोषाध्यक्ष के रूप में अपना दायित्व संभाला। उपस्थित सभी सदस्यों ने नई टीम का जोरदार स्वागत करते हुए सफल एवं सेवा-समर्पित कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में डॉक्टर्स डे भी उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर सहारनपुर नगर निगम के महापौर एवं क्लब सदस्य डॉ. अजय कुमार सिंह तथा क्लब के वरिष्ठ सदस्य एवं चिकित्सक डॉ. प्रवीण कुमार शर्मा को चिकित्सा एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही क्लब के नए सदस्य नितिन जैन का जन्मदिन भी सभी सदस्यों ने हर्षाेल्लास के साथ मनाया। क्लब की ओर से उन पर पुष्पवर्षा कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी सोनाली जैन भी उपस्थित रहीं। रोटरी क्लब सहारनपुर सेंट्रल के वरिष्ठ रोटेरियन राजेश कपूर भी कार्यक्रम में शामिल हुए और सुंदरकांड पाठ में सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त किया। सुंदरकांड एवं भजन संध्या के दौरान पूरा वातावरण श्रीराम एवं श्रीहनुमान जी के जयघोष से भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं एवं अतिथियों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर अध्यक्ष अनिल भारद्वाज एवं पूनम भारद्वाज, सचिव लोकेश चौहान एवं सिया चौहान, कोषाध्यक्ष विनीत चौहान एवं मानसी चौहान, वरिष्ठ रोटेरियन राकेश सपरा एवं नीना सपरा, सुनील छावड़ा, विभोर एरन एवं शील एरन, अतुल चोपड़ा एवं नीलू चोपड़ा, आलोक मित्तल एवं मीनू मित्तल, राकेश मेहता एवं ज्योति मेहता, संदीप गर्ग एवं आशु गर्ग, डॉ. अजय कुमार सिंह, डॉ. प्रवीण कुमार शर्मा, नितिन जैन एवं सोनाली जैन, आभा बंसल, संजय श्रीवास्तव सहित अनेक रोटेरियन एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनिल कुमार भारद्वाज ने कहा कि रोटरी क्लब सहारनपुर हारमोनी नए सत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, महिला एवं बाल कल्याण, युवा सशक्तिकरण तथा सामाजिक सेवा के विभिन्न प्रकल्पों को गति देगा।

Related Articles

Back to top button