उत्तर प्रदेश

श्री साईं सिद्ध पीठ मंदिर का 23वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया, निकली भव्य पालकी यात्रा

कलयुग दर्शन (24×7)

अबलीश कुमार (सहारनपुर संवाददाता)

सहारनपुर। बेहट रोड स्थित श्री साईं सिद्ध पीठ मंदिर में गुरुवार को मंदिर का 23वां वार्षिकोत्सव एवं श्री साईं बाबा की भव्य पालकी यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पालकी यात्रा में शामिल होकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल श्री साईं बाबा के मंगल स्नान से हुई। इसके बाद बाबा को सुंदर वस्त्रों एवं आकर्षक श्रृंगार से सुसज्जित किया गया तथा धूनी पूजन संपन्न हुआ। मंदिर परिसर में बाबा की भव्य पालकी सजाई गई, जिसका पूजन मुख्य अतिथि चार्टर्ड अकाउंटेंट भरत मिगलानी एवं उनके परिवार तथा मंदिर ट्रस्टी विनीत कर्णवाल ने संयुक्त रूप से किया। पंडित आनंद मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नारियल फोड़कर पालकी यात्रा का शुभारंभ कराया। रणसिंहा की मधुर धुन और दीपक सरसावा के ढोल की थाप पर श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर नाचते-गाते बाबा की पालकी के साथ चले।

पालकी श्री द्वारकामाई से चावड़ी तक पहुंची, जहां विधि-विधान से पूजन किया गया। इसके बाद मंदिर परिसर में भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा की पालकी को कंधा देकर अपनी आस्था व्यक्त की। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच भक्तों ने भजन-कीर्तन और नृत्य करते हुए उत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने बाबा का प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर ट्रस्टी विनीत कर्णवाल ने बताया कि मंदिर के नव-निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। जल्द ही मंदिर परिसर में भगवान महाकाल, नंदी महाराज, श्री खाटू श्याम एवं पंचमुखी हनुमान जी की भव्य प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी। इस अवसर पर अलका कर्णवाल, रेनू जुनेजा, मुकेश सेठी, आंसू जैन, अतुल गांधी, डॉ. आर.के. शर्मा, अमित चौरसिया, जितेंद्र राणा, सुनील गोयल, टोनी राणा, चनिक अरोड़ा, सचिन तायल, प्रदीप यादव, कर्मवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button