जातिसूचक व अपमानजनक टिप्पणियों के विरोध में सुभासपा ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
दोषियों पर एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने पर दिया जोर

कलयुग दर्शन (24×7)
हैदर अंसारी (सहारनपुर जिला प्रभारी)
सहारनपुर। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष हाफिज़ गुफरान अली एवं प्रदेश उपाध्यक्ष मोहम्मद बाबर गाज़ी के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने कथित जातिसूचक, अपमानजनक और आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में जिलाधिकारी सहारनपुर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश से ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। प्रदेश उपाध्यक्ष मोहम्मद बाबर गाज़ी ने बताया कि कुछ राजनीतिक दलों के नेताओं एवं उनके समर्थकों द्वारा पिछड़े, अति पिछड़े, दलित एवं अति दलित समाज के खिलाफ कथित रूप से जातिसूचक और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे समाज के वंचित वर्गों में रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बयानबाजी संविधान में निहित समानता, सामाजिक न्याय और सम्मान की भावना के विपरीत है तथा सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करती है।

ज्ञापन में मांग की गई कि ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी वर्ग विशेष की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी करने का साहस न कर सके। साथ ही सोशल मीडिया, सार्वजनिक मंचों और राजनीतिक सभाओं में किसी भी वर्ग विशेष के खिलाफ कथित जातिसूचक, अपमानजनक एवं भड़काऊ टिप्पणियां करने वालों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सुभासपा नेताओं ने कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई से सामाजिक सौहार्द बना रहेगा और संविधान में निहित समानता, सम्मान एवं सामाजिक न्याय के मूल्यों की रक्षा सुनिश्चित होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला प्रभारी हैदर अंसारी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



